यूएई,16 मार्च। अमेरिका और इजरायल के साथ युद्ध में फंसे ईरान का खाड़ी देशों पर हमला जारी है। सोमवार तड़के उसने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई में भीषण हमला किया है। ईरान का ड्रोन हमला दुबई हवाई अड्डे के पास हुआ, जिसके बाद इलाके में एक ईंधन टैंक क्षतिग्रस्त हो गया और भीषण आग लग गई। हमले में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। हवाई अड्डे से सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है।
दुबई मीडिया ऑफिस ने तड़के 6 बजे बताया, ‘दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (डीएक्सबी) के पास ड्रोन से जुड़ी एक घटना में ईंधन के एक टैंक को नुकसान पहुंचा है। दुबई सिविल डिफेंस की टीमें इस समय आग पर काबू पाने का काम कर रही हैं। अब तक किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।’ कार्यालय ने करीब एक घंटे बाद बताया कि टीमों ने आग पर सफलतापूर्वक काबू कर लिया है, कोई घायल नहीं हुआ।
ड्रोन हमले के बाद दुबई नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने बताया कि एहतियाती सुरक्षा उपाय के तौर पर दुबई हवाई अड्डे पर सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। प्राधिकरण ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी उड़ानों के संबंध में नवीनतम जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइनों से संपर्क करें। दुबई हवाई अड्डा प्राधिकरण ने डीएक्सबी से कुछ उड़ानों को अल मकतूम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर मोडऩे की घोषणा की है।
हमले के बीच एयर इंडिया ने दुबई आने-जाने वाली एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इस बीच, दुबई जा रही अमीरात की एक उड़ान केरल के कोच्चि लौट आई। फ्लाइट ईके-533 सुबह 4:30 बजे कोचीन हवाई अड्डे से 325 यात्रियों के साथ रवाना हुई थी। इंडिगो ने भी दुबई से आने-जाने वाली उड़ानों पर और प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है।
खाड़ी में 28 फरवरी से तनाव शुरू होने के बाद से ईरान ने यूएई पर अब तक 1,800 से अधिक मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं, जिससे दुबई और आसपास के शहरों में लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। यूएई में अभी तक के हमलों में 4 नागरिक और 2 सैन्यकर्मी मारे गए हैं। कई ड्रोन रोके भी गए हैं। ईरान अमेरिका-इजरायल के हमलों के कारण खाड़ी देशों में अमेरिकी संपत्तियों, नागरिक स्थलों और तेल सुविधाओं पर निशाना लगा रहा है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

