रायपुर 16 मार्च )आरएनएस)राजधानी रायपुर के डी.डी. नगर इलाके में तेज आवाज में गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि पड़ोस के कुछ लोग जबरन घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट व तोड़फोड़ की। घटना में एक युवक पर ब्लेड से हमला भी किया गया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी प्रार्थी ने थाना डी.डी. नगर में शिकायत दर्ज कराई कि 15 मार्च की रात करीब 9 बजे वह अपने भाई और दोस्तों के साथ घर में बैठकर टीवी पर गाने सुन रहा था। रात करीब 10.30 से 11 बजे के बीच कुछ लोगों ने घर का दरवाजा जोर-जोर से पीटना शुरू कर दिया। दो बार दरवाजा पीटने के बाद तीसरी बार आरोपियों ने दरवाजे को लात मारकर खोल दिया और जबरदस्ती घर के अंदर घुस आए।
घर में घुसते ही आरोपियों ने तेज आवाज में टीवी चलाने को लेकर विवाद शुरू कर दिया और अश्लील गालियां देते हुए प्रार्थी, उसके भाई और दोस्तों के साथ मारपीट करने लगे। इसी दौरान आरोपियों ने घर में रखे टीवी को भी तोड़ दिया। झगड़े के बीच एक आरोपी ने प्रार्थी के भाई आर्यन ठावरे के बाएं कान के पास ब्लेड से वार कर उसे घायल कर दिया।
घटना की रिपोर्ट पर डी.डी. नगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पीड़ितों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की और संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
पुलिस की कार्रवाई में मामले में शामिल तीन आरोपी कुबेर प्रसाद वर्मा (40 वर्ष), चंदन गुप्ता (33 वर्ष) और विष्णु प्रसाद वर्ममा (43 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों आरोपी इंद्रप्रस्थ फेस-2 क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

