भोपाल 16 मार्च (आरएनएस)। कजलीखेड़ा थाना इलाके में रहने वाले एक केमिस्ट की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सोमवार तड़के बॉडी घर में मिली, परिजनों के आरोप हैं कि सिर में चोट के निशान के साथ ही मृतक के हाथ पर जलने जैसे फफोले पड़ गए हैं। पीठ में भी नील के निशान मिले हैं।
लिहाजा मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक की पत्नी बीते एक साल से उससे अलग रह रही थी। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पीएम के बाद सोमवार दोपहर बॉडी परिजनों को सौंप दी है।
एएसआई रामनरेश के मुताबिक पदम सोलंकी (42) पुत्र रमेशचंद सोलंकी गेहूंखेड़ा में स्थित मकान में अकेले रहते थे। वह अरेरा कॉलोनी के एक अस्पताल के मेडिकल स्टोर में काम करते थे। उनके दो बेटे और पत्नी एक साल से अलग रह रहे हैं। इस बात को लेकर पदम डिप्रेशन में थे और शराब पीने लगे थे।
भतीजे महेंद्र सोलंकी का आरोप है कि शरीर पर चोटों के निशान हैं। जिससे हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। क्योंकि चाची से चाचा के आए दिन विवाद होते थे। चाची एक अन्य युवक के बहकावे में आने के बाद अलग रहने लगी हैं और बच्चों को भी साथ ले गई हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। इसके बाद जांच की दिशा तय होगी।

