सीहोर 16 मार्च (आरएनएस)।शहर के बीएसआई मैदान पर नगर सेठ स्व.गेंदालाल राय स्मृति लेदर बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को प्रतियोगिता के दौरान दो मैच खेले गए थे। इसमें पहला मैच सीसीए और पीपीसीए के मध्य खेला गया जिसमें सीसीए ने पीपीसीए को 25 रन और दूसरे मैच में पल्स ने विदिशा को 41 रन से हराया। प्रतियोगिता के दौरान वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश राय ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया।
सोमवार को पहले बल्लेबाजी करते हुए सीसीए ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 134 रन बनाए थे। इसमें प्रताप ने 17 रन, श्रीवास ने 20 रन, अनस ने 38 रन और शिवेन्द्र ने 22 रन की पारी खेली। इधर पीपीसीए अकादमी की ओर से गेंदबाजी करते हुए विशांक शिंदे ने तीन विकेट, स्पनिल ने दो विकेट, अनुज-निर्भय प्रजापति ने एक-एक विकेट हासिल किया।
आयोजन समिति की ओर से प्रियांशु दीक्षित और अतुल त्रिवेदी ने बताया कि लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीपीसीए अकादमी की टीम 16.3 ओवर में 109 रन ही बना सकी। इसमें उरेश भारती ने 11, उज्जवल ने 22 रन, आदित्य ने 12 रन, दिपेश सेन ने 10 रन और हार्दिक ने 29 रन की पारी खेली। वही सीसीए की ओर से गेंदबाजी करते हुए राज ने पांच विकेट, नवीन ने तीन रन, प्रताप-श्रीवास ने 1-1 विकेट हासिल किया।
इधर एक अन्य मुकाबले में पल्स ने विदिशा को 41 रन से हराया। दूसरे मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पल्स की टीम 17.4 ओवर में दस विकेट खोकर 168 रन ही बना सकी। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी विदिशा टीम 16.4 ओवर में 127 रन पर सिमट गई।

