आशीष श्रीवास्तव
जगदलपुर 16 मार्च ( आरएनएस)क्षेत्रीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों पर आधारित टेलीफिल्म “पूर्व की ओर” का प्रसारण दूरदर्शन जगदलपुर द्वारा किया जाएगा। दूरदर्शन की इस विशेष प्रस्तुति का प्रसारण डी.डी. छत्तीसगढ़ चैनल पर किया जाएगा, जिसे दर्शक विभिन्न डीटीएच और केबल नेटवर्क के माध्यम से देख सकेंगे।
इस टेलीफिल्म का पहला प्रसारण 17 मार्च 2026 को रात 8 बजे किया जाएगा। वहीं इसका पुनः प्रसारण 18 मार्च 2026 को सुबह 8 बजे और दोपहर 12 बजे किया जाएगा। दर्शक इसे डी.डी. फ्री डिश, डिश टीवी चैनल नंबर 718, टाटा स्काई चैनल नंबर 1174 तथा ए. विजन केबल चैनल नंबर 753 पर देख सकेंगे।
टेलीफिल्म “पूर्व की ओर” में ग्रामीण परिवेश, सामाजिक रिश्तों और पारिवारिक मूल्यों को संवेदनशील तरीके से प्रस्तुत किया गया है। इसमें स्थानीय कलाकारों ने अपने अभिनय से कहानी को जीवंत बनाने का प्रयास किया है, जो दर्शकों को निश्चित रूप से आकर्षित करेगा।
दूरदर्शन जगदलपुर की इस प्रस्तुति के माध्यम से क्षेत्रीय प्रतिभाओं और संस्कृति को मंच प्रदान करने का प्रयास किया गया है।निर्माताओं ने दर्शकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर इस टेलीफिल्म को अवश्य देखें और स्थानीय कला व कलाकारों का उत्साहवर्धन करें।

