कांकेर 17 मार्च 2026(आरएनएस) सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे चार युवकों को पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ लिया। खेत के पास चल रहे इस अवैध खेल पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने न सिर्फ आरोपियों को गिरफ्तार किया, बल्कि मौके से ताश, नगदी, मोबाइल और सात मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं।
मामला थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पण्डरीपानी का है, जहां 15 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली कि तालाब के पास खेत में कुछ लोग 52 पत्ती ताश पर रुपये-पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में टीम गठित की गई और बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर चारों आरोपियों को मौके पर पकड़ लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों में पंकज यादव (31 वर्ष) निवासी पण्डरीपानी, घनश्याम कावडे (23 वर्ष) निवासी मोहपुर, शक्ति कावडे (18 वर्ष) निवासी मोहपुर और युवराज देवागंन (24 वर्ष) निवासी सरंगपाल शामिल हैं। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 52 पत्ती ताश, 230 रुपये नगद, चार मोबाइल फोन और सात मोटरसाइकिल जब्त की गई।
पूछताछ में आरोपियों द्वारा जुआ खेलने की पुष्टि होने पर उनके खिलाफ जुआ एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बनसोडे प्रतिक दादासाहेब, उपनिरीक्षक मनोरथ जोशी सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करें, क्योंकि आपकी एक छोटी सी सूचना बड़े अपराधों को रोकने में मददगार साबित हो सकती है।

