रांची 17 मार्च (आरएनएस)। रांची शहर में एक बार फिर उत्सव का मौसम दस्तक दे चुका है। 21 मार्च 2026 को मनाए जाने वाले प्रकृति पर्व सरहुल और खुशियों के पर्व ईद को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। इन दोनों पर्वों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में मनाने के लिए रांची नगर निगम ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में निगम के प्रशासक सुशांत गौरव द्वारा निगम की टीम के साथ शहर के विभिन्न प्रमुख अखड़ा, सरना स्थल और मस्जिदों का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हातमा अखड़ा, करमटोली आदिवासी छात्रावास अखड़ा, सिरमटोली चौक अखड़ा और रतन टॉकीज चौक स्थित एकरा मस्जिद सहित आसपास के क्षेत्रों में चल रही तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान प्रशासक ने आयोजन समितियों और स्थानीय प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और सुझावों को भी सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य टीम वर्क और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि पर्व के दौरान शहरवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सरहुल पर्व को लेकर विशेष व्यवस्था
सरहुल झारखंड की सांस्कृतिक
पहचान का प्रतीक है और इस पर्व में शहर के विभिन्न अखड़ों से निकलने वाली शोभायात्राएं पूरे शहर को उत्सवमय बना देती हैं।
इसे देखते हुए प्रशासक ने निर्देश दिया कि:
* सभी अखड़ा और सरना स्थलों के एप्रोच रोड की विशेष सफाई सुनिश्चित की जाए।
* शोभायात्रा मार्गों पर नियमित पानी का छिड़काव किया जाए।
* प्रकाश व्यवस्था, पेड़ों की छंटाई और साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
* ब्लीचिंग पाउडर एवं एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव किया जाए।
* नागरिकों की सुविधा के लिए चलंत शौचालय और वाटर टैंकर की व्यवस्था की जाए।
ईद पर्व को लेकर भी विशेष ध्यान
ईद के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज़ अदा करने पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा शहर के सभी मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास:
* विशेष सफाई अभियान
* नालियों की सफाई
* कूड़ा उठाव की व्यवस्था
* एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव
* पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस मौके पर अपर प्रशासक संजय कुमार, सहायक प्रशासक, नगर प्रबंधक एवं निगम के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
रांची नगर निगम की विशेष तैयारियां
शहर में सरहुल और ईद को सुचारु रूप से आयोजित कराने के लिए निगम प्रशासन ने सभी शाखाओं को सक्रिय कर दिया है।
स्वच्छता शाखा
• शहर के सभी 53 वार्डों में स्थित 298 सरना स्थलों और अखड़ों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा चुका है।
• ईद के मद्देनजऱ लगभग 100 मस्जिदों और ईदगाहों में भी साफ-सफाई कराई गई है।
• इस कार्य में 1000 से अधिक सफाई मित्र लगातार लगे हुए हैं।
• शोभायात्रा के दिन 10 स्थानों पर चलंत शौचालय उपलब्ध कराए जाएंगे।
जलापूर्ति शाखा
• प्रमुख अखड़ों और शोभायात्रा मार्गों पर 46 वाटर टैंकर की व्यवस्था की जा रही है।
विद्युत शाखा
• शहर को प्रकाशमय बनाने के लिए 33 स्थानों पर 40 जनरेटर लगाए जाएंगे।
• साथ ही 601 अतिरिक्त हाई मास्ट लाइट अधिष्ठापित की जा रही हैं और खराब पथ बत्तियों को दुरुस्त किया जा रहा है।
अभियंत्रण शाखा
• सरना स्थलों से जुड़े मार्गों को समतल बनाने का कार्य किया जा रहा है।
• अब तक 219 स्थानों पर खुले नालों को स्लैब से ढका गया है।
• 34 सरना स्थलों पर स्टोन डस्ट उपलब्ध कराते हुए समतलीकरण का कार्य कराया जा रहा है।
हॉर्टिकल्चर शाखा
प्रमुख मार्गों जैसे करमटोली चौक–जेल मोड़, लालपुर चौक–डांगराटोली चौक, थड़पखना–लालपुर चौक, हिनू चौक और सिरमटोली चौक के आसपास पेड़ों की छंटाई की गई है तथा सरना स्थलों पर घास कटाई का कार्य भी जारी है।
त्यौहारों के दौरान किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए रांची नगर निगम का कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा। नागरिक 18005701235 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
प्रशासक सुशांत गौरव ने कहा कि: “रांची नगर निगम की पूरी टीम यह सुनिश्चित करने में लगी है कि शहरवासी सरहुल और ईद जैसे महत्वपूर्ण पर्व स्वच्छ, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मना सकें। इसमें नागरिकों का सहयोग भी उतना ही आवश्यक है।”
उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि कूड़ा केवल डस्टबिन में डालें, प्लास्टिक के उपयोग से बचें, साफ-सफाई बनाए रखने में निगम का सहयोग करें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

