दुर्ग 31 मई (आरएनएस) दुर्ग जिले में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस ने एक और बड़ा प्रहार करते हुए बिक्री के लिए ले जाई जा रही शराब की खेप को रास्ते में ही पकड़ लिया। मुखबिर की एक सटीक सूचना ने ऐसा जाल बिछाया कि शराब लेकर फर्राटा भर रहे दो युवक सीधे पुलिस के शिकंजे में आ गए और उनके अवैध कारोबार का खेल मौके पर ही खत्म हो गया।
मामला थाना नंदिनी नगर क्षेत्र का है, जहां 30 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल में अवैध रूप से देशी शराब रखकर बिक्री के लिए परिवहन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना नंदिनी नगर पुलिस ने बिना समय गंवाए बायपास रोड स्थित खदान चौक पर घेराबंदी की। कुछ ही देर में संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई तो पुलिस के सामने पूरा मामला खुल गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान लक्की पिता सुरेन्द्र गेण्ड्रे (19 वर्ष) एवं गौकरण पिता नंद कुमार बंजारे (27 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम मलपुरी खुर्द, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 40 पौवा देशी मदिरा शराब बरामद की गई जिसकी कीमत लगभग 4 हजार रुपये आंकी गई। वहीं परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई। इस तरह पुलिस ने कुल 34 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की। बरामदगी के बाद आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 166/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना नंदिनी नगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसने त्वरित कार्रवाई कर अवैध शराब परिवहन के इस नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार किया। बहरहाल, दुर्ग पुलिस का साफ संदेश है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के लिए जिले में अब कोई सुरक्षित रास्ता नहीं बचा है।

