कांकेर 17 मार्च (आरएनएस)नाबालिग से दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में सिकसोड पुलिस ने तेजी और सख्ती का परिचय देते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जंगल में हुई इस वारदात ने इलाके को झकझोर दिया था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने आरोपी को कानून के शिकंजे में ला खड़ा किया।
जानकारी के मुताबिक, 15 मार्च को दर्ज रिपोर्ट में बताया गया कि नेड़गांव निवासी शेरसिंग कोमरा (27 वर्ष) ने 12 फरवरी को नाबालिग को जबरन अपने साथ आमाकोट जंगल के पास ले जाकर एक झोपड़ी में रातभर बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी, जिसके कारण वह लंबे समय तक चुप रही।
मामला सामने आते ही सिकसोड पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस टीम की सतर्कता और संवेदनशीलता अहम रही, जिससे एक गंभीर अपराध में त्वरित न्याय सुनिश्चित हो सका।
कांकेर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में चुप्पी नहीं, बल्कि तुरंत शिकायत ही अपराधियों के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है—और कानून हर पीड़ित के साथ खड़ा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

