० सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने 6 जुलाई तक मनाया जा रहा है सहकारी सप्ताह
कोरबा 30 जून (आरएनएस)। प्रदेशव्यापी ‘सहकारी सप्ताहÓ के अंर्तगत जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के बरपाली शाखा में मुख्य रूप से उपस्थित जनपद उपाध्यक्ष करतला मनोज झा ,जनपद सदस्य बरपाली श्रीमती नीता राकेश यादव ,सरपंच बरपाली भुनेश्वर बिंझवार एवं शाखा प्रबंधक सतीश राठौर की उपस्थिति में सतरंगी सहकारिता ध्वज फहराकर सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ किया गया।
अतिथिद्वय ने दीप प्रज्वलित कर माँ भारती के तैलचित्र पर फूलमाला अर्पित की। इसके पश्चात उन्होंने सहकारिता के प्रतीक सतरंगे झंडे का ध्वजारोहण किया। उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और कृषकों ने सहकारिता गान गाकर ध्वज को सलामी दी और सहकारिता के सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया।इस मौके पर शाखा के कर्मचारी पीयूष गुरुद्वान ,त्वरिता तिवारी ,कृष्णा बिंझवार, बिहारीलाल साहू एवं समस्त स्टॉफ के साथ अन्नदाता सम्मानीय कृषक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कृषक बंधुओं ने भी सहभागिता करते हुए सहकारिता के माध्यम से कृषि विकास, आत्मनिर्भरता एवं आपसी सहयोग को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
सहकारी सप्ताह के दौरान जिले की सभी सहकारी संस्थाओं में सहकारिता के सिद्धांतों के प्रचार-प्रसार, कृषक हितैषी योजनाओं की जानकारी, जनजागरूकता कार्यक्रम एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे सहकारिता आंदोलन को और अधिक सशक्त एवं जनोन्मुख बनाया जा सके।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

