0 मानसून की सक्रियता के साथ ही प्रदेश के विभिन्न अंचलों में वर्षा
रायपुर, 30 जून (रायपुर)। छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता के साथ ही प्रदेश के विभिन्न अंचलों में वर्षा का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बिलासपुर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा, वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री दर्ज किया गया।
वर्षा के आंकड़ों पर नजर डालें तो सन्ना, सक्ती, कोंटा, नानगुर, भोपालपटनम, तोकापाल, धतल्दा और मुंगेली में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा नारायणपुर, गडग़डग़ुंडा, जगदलपुर में 2-2 सेंटीमीटर, तथा हरदीबाजार, मनोरा, चंद्रपुर, नवागढ़, पेंड्रा, छुुरिया, खरसिया, खैरागढ़, भोथिया और गुंगालूर जैसे क्षेत्रों में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
रात भर जारी किया जाता रहा अलर्ट
मौसम वैज्ञानिकों ने सोमवार की देर रात से लेकर मंगलवार तड़के तक कई बार राज्य के कई हिस्सों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया। कभी यह अलर्ट सरगुजा संभाग के लिए था तो कभी बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों के लिए। वर्तमान में समुद्र तल पर एक मौसमी द्रोणिका पंजाब से हरियाणा, उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक बनी हुई है। साथ ही, उत्तरी तेलंगाना और उसके आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण का घेरा 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है। एक अन्य द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से होते हुए पश्चिम बंगाल, सिक्किम और असम तक फैली है। इन मौसमी कारकों के कारण प्रदेश में अगले दो दिनों तक मानसून के पूरी तरह सक्रिय रहने की प्रबल संभावना है।
रायपुर के लिए पूर्वानुमान
राजधानी रायपुर के लिए 30 जून के स्थानीय पूर्वानुमान में आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने के आसार हैं। रायपुर वासियों को गरज-चमक के साथ वर्षा और तेज हवाएं चलने का सामना करना पड़ सकता है। राजधानी में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
एसएस
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

