जांजगीर-चांपा, 30 जून (आरएनएस)। मुख्यमंत्री ड्यूटी पूरी करने के बाद रविवार रात करीब 10 बजे पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस थाना मुलमुला क्षेत्र के ग्राम अमोरा पहुंचे, जहां उन्होंने सामुदायिक पुलिसिंग और नशामुक्ति अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में गांव को पूर्णत: नशामुक्त घोषित किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि अब अमोरा को पूर्णत: हेलमेट युक्त गांव बनाया जाएगा।
एसपी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार, एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी और थाना प्रभारी पारस पटेल की मौजूदगी में गांव के सरपंच सहित 150 महिला कमांडो को नशामुक्ति, महिला सशक्तीकरण और अवैध शराब रोकथाम में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
Óएक हेलमेट पति के नामÓ अभियान की शुरुआत
सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए एसपी ने महिला कमांडो टीम को ‘एक हेलमेट पति के नामÓ अभियान के तहत हेलमेट वितरित किए। उन्होंने महिलाओं से अपने परिवार के सदस्यों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करने की अपील की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के अधिकांश लोग अब हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाते हैं।
महिला कमांडो की अनूठी पहल की सराहना
एसपी ने महिला कमांडो टीम की उस पहल की विशेष सराहना की, जिसके तहत वे रात में सड़कों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों के गले में रेडियम पट्टी बांधती हैं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहार ने इसे पूरे जिले के लिए अनुकरणीय मॉडल बताया।
बच्चों के साथ मनाया खुशी का पल
कार्यक्रम के दौरान एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने बच्चों के साथ केक काटकर खुशियां साझा कीं। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासित रहने, मोबाइल की लत से दूर रहने और खेलकूद में भाग लेने की सीख दी।
थाना प्रभारी पारस पटेल का सम्मान
अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई, नशामुक्ति अभियान में सक्रिय भूमिका और महिला सशक्तीकरण में उल्लेखनीय योगदान के लिए थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक पारस पटेल को महिला कमांडो टीम और ग्राम सरपंच ने स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
एसपी ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस और जनता की साझेदारी से ही सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने ग्रामीणों से नशे के खिलाफ लगातार जागरूक रहने और गांव को आदर्श बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिला कमांडो टीम और थाना मुलमुला पुलिस स्टाफ की उपस्थिति रही।
००००

