कांकेर 17 मार्च (आरएनएस) खेतों में खड़े ट्रैक्टर को निशाना बनाकर चोरी करने वाले आरोपी को नरहरपुर पुलिस ने धर दबोचा। चोरी किए गए सामान को वाहन में भरकर बेचने की फिराक में घूम रहे आरोपी की योजना पुलिस की सतर्कता के आगे नाकाम हो गई और पूरे मामले का खुलासा हो गया।
मामला कोचवाही गांव का है, जहां 13 मार्च को खेती कार्य के बाद दो ट्रैक्टर घर की बाड़ी में खड़े किए गए थे। 14 मार्च की सुबह जब परिजनों ने देखा तो दोनों ट्रैक्टरों के बैटरी कवर खुले थे और बैटरियों समेत अन्य उपकरण गायब थे। प्रार्थी कमल ठाकुर की रिपोर्ट पर थाना नरहरपुर में अपराध क्रमांक 65/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुखूराम शोरी (45 वर्ष) निवासी बनसागर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ट्रैक्टर क्रमांक CG 19 BF 3742 की बैटरी (SF), हाइड्रोलिक पट्टी, ट्रॉली हींज और ट्रॉली टोचन, ट्रैक्टर क्रमांक CG 18 P 9411 की बैटरी (एमरान), हाइड्रोलिक पट्टी एवं कल्टीवेटर एडजेस्टर सहित कुल लगभग 32,000 रुपये मूल्य का सामान बरामद किया। साथ ही घटना में प्रयुक्त वाहन विटारा ब्रेजा क्रमांक CG 26 E 7100 भी जप्त किया गया।
पूरे मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम की सक्रियता और सूझबूझ अहम रही, जिससे चोरी की घटना का त्वरित खुलासा संभव हो सका।

