धमतरी 17 मार्च 2026(आरएनएस) नवागांव स्थित मोती वस्त्रालय में हुई लाखों की चोरी का धमतरी पुलिस ने महज 24 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के दम पर पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के तीन सदस्यों को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर चोरी का माल और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद कर लिया।
मामला 13 मार्च की रात का है, जब अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर उठाकर करीब 1.37 लाख रुपये के कपड़े, साड़ियां, बैग और नगदी चोरी कर ली। प्रार्थी सोहन लाल पाल की रिपोर्ट पर करेलीबड़ी चौकी, थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 46/2026 धारा 331(4), 305(ए), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध बोलेरो पिकअप (RJ 20 GC 0653) सामने आई। साइबर सेल की मदद से वाहन मालिक के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस कर पुलिस टीम मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के आष्टा पहुंची, जहां घेराबंदी कर वाहन सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में विकम बागड़ी (20 वर्ष) निवासी ग्राम बाछीहेरा थाना कनवास जिला कोटा (राजस्थान), बबलु बागड़ी (20 वर्ष) निवासी ग्राम अंता थाना अंता जिला बारां (राजस्थान) और रोहित बागड़ी (19 वर्ष) निवासी तलवाड़ा थाना बारां जिला बारां (राजस्थान) शामिल हैं। पूछताछ में तीनों ने सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए कपड़ों से भरी छह बोरियां, वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन, शटर तोड़ने में इस्तेमाल लोहे का सब्बल और लकड़ी का कुंदा बरामद किया है। आरोपियों ने यह भी बताया कि चोरी की कुछ साड़ियां उन्होंने अपने परिचितों को बांट दी थीं।

जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह पहले दिन में दुकान की रेकी करता था और रात में सुनसान स्थानों पर स्थित दुकानों को निशाना बनाकर शटर तोड़कर चोरी करता था, फिर माल लेकर राज्य की सीमा पार कर फरार हो जाता था।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

