भोपाल 17 मार्च (आरएनएस)। अशोका गार्डन थाना क्षेत्र के कैलाश नगर सेमरा में मोबाइल चोरी के शक में मारपीट में घायल हुए युवक की इलाज के दौरान सोमवार रात को मौत हो गई। मंगलवार को हमीदिया अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने युवक की गर्दन पर पीछे से चाकू से हमला किया था, जिससे उसकी गर्दन की नस कट गई थी। साथ ही परिवार ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मामले में सही तरीके से कार्रवाई नहीं की गई और एफआईआर में घटनाक्रम को गलत तरीके से दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना एक मार्च की शाम करीब 7 बजे की है। कैलाश नगर सेमरा निवासी 27 वर्षीय अंकित जोशी ड्राइवर था। उसी इलाके में रहने वाले उसके परिचित मोहित राव ने उस पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
विवाद के दौरान आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे अंकित के गर्दन और पेट में गंभीर चोट आई। घायल अंकित को पहले जेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे हमीदिया अस्पताल रेफर कर दिया था। यहां उसका इलाज चल रहा था। करीब 15 दिन तक इलाज के बाद बीती रात उसकी मौत हो गई।
मृतक के भाई शक्ति जोशी का कहना है कि मोहित राव ने उनके भाई पर मोबाइल चोरी का झूठा आरोप लगा रहा था। इस संबंध में बात करने अंकित उसके घर गया था। वहां आरोपी की बहन ने बताया कि मोबाइल उसके पास है और अंकित ने चोरी नहीं की है। इसके बाद अंकित आरोपी की मां से बात करने गया। इसी दौरान मोहित राव ने पीछे से गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। शक्ति के अनुसार चाकू करीब ढाई इंच तक गर्दन में घुस गया था, जिससे गर्दन की नस कट गई और अंकित का शरीर सुन्न पड़ गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस पर पैसे लेकर आरोपी को छोडऩे का आरोप मृतक के भाई शक्ति जोशी ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। मृतक के भाई का आरोप है कि घटना के बाद जब 112 डायल पुलिस मौके पर पहुंची, तब आरोपी के मामा ने पुलिसकर्मियों को पैसे दिए और आरोपी को वहां से ले जाया गया। परिजनों का यह भी कहना है कि दर्ज की गई एफआईआर में घटनाक्रम को सही तरीके से नहीं लिखा गया है और इसमें अंकित पर ही मोबाइल चोरी का आरोप दर्शाया गया है, जबकि परिवार के मुताबिक ऐसा कुछ भी नहीं था। फिलहाल अशोका गार्डन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

