इंदौर 18 march, (Rns) : मध्य प्रदेश में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। ब्रिजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी के एक रिहायशी मकान में भीषण आग लगने से 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सहायक पुलिस आयुक्त कुंदन मंडलोई के अनुसार, आग तड़के करीब 3:30 बजे से 4:30 बजे के बीच लगी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया। मकान से सभी शव निकाल लिए गए हैं और राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है।
जिला कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि आग बुझाने के बाद मकान की दो मंजिलों को पूरी तरह खाली करा लिया गया है, जबकि तीसरी मंजिल की जांच की जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अंदर कोई और फंसा न हो।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह इलेक्ट्रिक वाहन की चार्जिंग के दौरान हुआ विस्फोट माना जा रहा है। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के अनुसार, घर के बाहर एक इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज हो रहा था, तभी चार्जिंग प्वाइंट में स्पार्क या ब्लास्ट हुआ और आग तेजी से फैल गई।
स्थिति उस समय और गंभीर हो गई, जब घर में रखे 10 से अधिक गैस सिलेंडरों में से कुछ में विस्फोट हो गया। इसके अलावा, मकान में मौजूद ज्वलनशील केमिकल्स ने आग को और भड़काया। यह मकान मनोज पुगालिया का बताया जा रहा है, जो पॉलिमर के व्यवसाय से जुड़े थे। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

