कांकेर 18 मार्च 2026(आरएनएस) अवैध महुआ शराब के कारोबार पर सख्त प्रहार करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने उजियारा अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम सुभिया मुडपार में अलग-अलग घरों पर दबिश देकर पुलिस ने 16 लीटर देशी महुआ शराब बरामद कर दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई ने इलाके में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मचा दिया है।
पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत मिली पुख्ता सूचना पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो स्थानों पर छापेमारी की। पहले मामले में अंजू कुलदीप के घर से 10 लीटर महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 1200 रुपये आंकी गई। वहीं दूसरी कार्रवाई में माधुरी यादव के घर से 6 लीटर महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 720 रुपये बताई गई। इस तरह कुल 16 लीटर अवैध शराब, जिसकी कीमत 1920 रुपये है, पुलिस ने जब्त की।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी बनसोडे प्रतिक दादासाहेब के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दी, जिसमें कई जवानों की सक्रिय भूमिका रही।

