भिलाई 18 मार्च (आरएनएस)हिंदू नववर्ष 2083 के स्वागत को लेकर भिलाई में आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। 19 मार्च को सेक्टर-9 चौक पर विशाल ध्वजारोहण, सामूहिक हनुमान चालीसा और भव्य महाआरती के साथ ऐसा आयोजन होने जा रहा है, जो पूरे शहर को आध्यात्मिक रंग में रंग देगा।
श्रीराम जन्मोत्सव समिति भिलाई द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। शाम 4 बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है। आयोजन स्थल को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है, ताकि नववर्ष का स्वागत पूरी भव्यता और श्रद्धा के साथ किया जा सके।
समिति के युवा विंग अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने बताया कि हिंदू नववर्ष केवल तिथि परिवर्तन नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ध्वजारोहण और सामूहिक हनुमान चालीसा के माध्यम से लोगों में एकता, ऊर्जा और धार्मिक जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को भी अपनी जड़ों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने नगरवासियों, विशेषकर युवाओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाएं।
भिलाई में होने वाला यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनने जा रहा है, जो नववर्ष के साथ नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संदेश देगा।

