कांकेर 18 मार्च (आरएनएस)अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान में कोरर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कनेचुर गांव में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अंग्रेजी और महुआ शराब की खेप बरामद कर अवैध कारोबार पर सीधा प्रहार किया है।
मामला 17 मार्च का है, जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कनेचुर के आमापारा और खासपारा में अवैध रूप से शराब का संग्रहण कर बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों ठिकानों पर छापेमारी की।
दबिश के दौरान भगवती कांगे के घर से 6 लीटर महुआ शराब और कैलाश मंडावी के घर से 35 नग अंग्रेजी शराब जब्त की गई। बरामद शराब की कुल कीमत करीब 3,480 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे ‘उजियारा अभियान’ के तहत की गई। टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र गुप्ता सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।

