रांची 18 मार्च (आरएनएस)। विदेश में बैठकर गैंग संचालित करने वाले कुख्यात अपराधी प्रिंस खान और जेल में बंद गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के गठजोड़ का एक बार फिर खुलासा हुआ है। धनबाद और रांची पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में टीटॉस रेस्टोरेंट में हुई गोलीबारी कांड के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि रेस्टोरेंट संचालक से रंगदारी नहीं मिलने के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया। दोनों गिरोह मिलकर झारखंड के कारोबारियों से रंगदारी वसूल रहे थे और विरोध करने पर गोलीबारी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। इस मामले में पुलिस ने कुबेर उर्फ मनीष सिंह, अफजल अमन उर्फ बाबर, पप्पू भुइंया और मो. शादाब आलम को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपी घायल भी हुए थे। रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि कुबेर ‘कोयलांचल शांति सेनाÓ से जुड़ा हुआ है, जिसे सुजीत सिन्हा संचालित करता है। गिरोह के सदस्य सीधे प्रिंस खान के संपर्क में रहकर रंगदारी वसूली और वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस द्वारा जब्त किए गए मोबाइल की जांच में करीब 60 बैंक खातों का पता चला है, जिनमें रंगदारी की रकम ट्रांसफर की जाती थी। इन खातों के माध्यम से पैसे आगे प्रिंस खान के निर्देश पर भेजे जाते थे। जांच में कुछ सफेदपोश लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि घटना पूरी योजना के तहत अंजाम दी गई थी। शादाब ने पहले रेकी की, पप्पू बाइक लेकर मौके पर पहुंचा और कुबेर ने गोलीबारी की। पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
इससे पहले धनबाद के केंदुआडीह क्षेत्र में पुलिस और प्रिंस खान गिरोह के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें दो अपराधियों के पैर में गोली लगी थी, जबकि एक आरोपी भागने के दौरान घायल हो गया था। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है और जल्द ही और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

