रायपुर, 18 मार्च (आरएनएस)। बीजापुर जिले के एक शासकीय छात्रावास में नाबालिग बालिकाओं से कथित दुष्कर्म के मामले को लेकर प्रदेश में सियासत गरमा गई है। इस मुद्दे पर दीपक बैज ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि छात्रावासों में बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं और हालिया घटना ने अभिभावकों के भरोसे को तोड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीडि़त बालिकाओं के गर्भवती होने के बावजूद आश्रम प्रबंधन ने मामले को दबाने की कोशिश की और नियमानुसार पुलिस को सूचना नहीं दी। कांग्रेस ने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाएं पहले भी प्रदेश के अन्य जिलों में सामने आ चुकी हैं, जिससे छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पार्टी ने मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। इस बीच कांग्रेस ने मामले की जांच के लिए महिला नेत्रियों की एक समिति गठित की है, जो बीजापुर जाकर तथ्य जुटाएगी और अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। कांग्रेस ने राज्य के सभी छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई है।
०

