रायपुर,18मार्च (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल में सफाई कर्मियों की मौत के मामले ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना को लेकर अब उच्च स्तरीय और पारदर्शी जांच की मांग तेज हो गई है।इस संबंध में सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं, इसकी स्पष्ट और निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि संबंधित कर्मी किसी ठेका कंपनी के माध्यम से कार्य कर रहे थे या सीधे अस्पताल प्रबंधन से जुड़े थे।मामले में यह भी जांच का विषय बताया गया है कि सफाई कर्मियों को पर्याप्त प्रशिक्षण और आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की जानी चाहिए।घटना के बाद की प्रक्रिया, जैसे शवों को हटाने और पूरे घटनाक्रम के प्रबंधन को लेकर भी पारदर्शिता की मांग की गई है, ताकि सभी तथ्यों की सही जानकारी सामने आ सके।वहीं, हादसे में घायल एक अन्य कर्मी के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
००००

