भोपाल 18 मार्च (आरएनएस)। मिसरोद इलाके में मेट्रीमोनियल साइट पर दोस्ती कर एक युवक ने दुष्कर्म किया। आरोपी ने पीडि़ता को शादी का भरोसा दिलाया था। पहली बार वारदात को एक होटल रूम में अंजाम दिया गया था। अब आरोपी शादी करने से मुकर गया है। तब पीडि़ता ने थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज करा दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार 36 वर्षीय युवती मिसरोद इलाके में रहती है और प्राइवेट नौकरी करती है। पिछले साल अक्टूबर के महीने में मेट्रीामोनियल साइट जीवनसाथी डाट कॉम पर हेमंत कीर नाम के युवक के संपर्क में आई थी। उनके बीच शादी की बात चलने लगी।
बातचीत के दौरान युवक ने जल्द ही शादी करने का झांसा दिया। नवंबर 2025 में वह युवती से मुलाकात करने के लिए बुधनी से भोपाल आया और यहां आकर मिसरोद इलाके में रुक गया। उसने युवती को बातचीत करने के लिए होटल में बुलाया और जल्द ही शादी की बात कहते हुए उसके साथ होटल में शारीरिक संबंध बना लिए।
इसके बाद कई बार वह भोपाल आया तथा युवती का शारीरिक शोषण करता रहा। पिछले दिनों जब युवती ने शादी करने का दबाव डाला तो उसने शादी करने से मना कर दिया। युवती ने कल मिसरोद थाने पहुंचकर मामले की शिकायत कर दी।

