रायपुर, 21 जून (आरएनएस)। रायपुर सेंट्रल जेल में न्यायिक हिरासत में बंद आरोपी कुणाल तरुणकर ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के आदेश के बाद रविवार को NEET-UG री-एग्जाम में हिस्सा लिया। जेल प्रशासन ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित केंद्रीय विद्यालय परीक्षा केंद्र पहुंचाया।
कुणाल तरुणकर रायपुर के शिवानंद नगर का निवासी है और उस पर एक 20 वर्षीय युवती को कथित रूप से मानसिक प्रताडऩा देकर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल को युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जांच के दौरान मृतका की डायरी में मिले कथित सुसाइड नोट और मोबाइल फोन से प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर कुणाल की भूमिका सामने आई। आरोप है कि वह युवती पर मिलने का दबाव बनाता था, उसके साथ गाली-गलौज करता था और मानसिक रूप से प्रताडि़त करता था। इसी मामले में उसे भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था।
री-नीट परीक्षा में शामिल होने के लिए आरोपी की ओर से अधिवक्ता अनुकूल विश्वास ने हाईकोर्ट में अंतरिम आवेदन प्रस्तुत किया था। इस पर मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने अर्जेंट सुनवाई करते हुए आरोपी को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति प्रदान की।
हाईकोर्ट ने रायपुर पुलिस अधीक्षक और केंद्रीय जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि आरोपी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचाया जाए और परीक्षा में शामिल होने की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कोर्ट के आदेश के बाद जेल प्रशासन ने एएसआई, हवलदार और पुलिसकर्मियों की विशेष टीम गठित की, जिसने आरोपी को सुरक्षा घेरे में परीक्षा केंद्र पहुंचाया।
परीक्षा समाप्त होने के बाद आरोपी को पुन: केंद्रीय जेल लाया जाएगा। वहीं, आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस की जांच और न्यायिक प्रक्रिया अलग से जारी है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

