भोपाल 18 मार्च (आरएनएस)। राजधानी में बम ब्लास्ट की धमकी से भरे ई-मेल आने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 2 दिनों से लगातार भोपाल के अलग-अलग संस्थानों को उड़ाने के धमकी भरे मेल आ रहे है। अब कोलार स्थित जेके हॉस्पिटल,एलएन मेडिकल कॉलेज और जेके यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। अब भोपाल के हॉस्पिटल, यूनिवर्सिटी, कॉलेज में सीरियल बम ब्लास्ट करने की धमकी दी गई है। धमकी का पता चलते ही बीडी और डीएस की टीम सहित पुलिस मौके पर पहुंची और कॉलेज कैंपस के चप्पे-चप्पे की बारीकी से तलाशी ली। मेल करने वाले ने एलएन मेडिकल कॉलेज परिसर में करीब 21 बम रखे होने की धमकी दी थी।
जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 10 बजे यूनिवर्सिटी की ऑफिशियल आईडी पर यह मेल प्राप्त हुआ है। जिसमें लिखा है कि इस्लामी समय अनुसार जौहर की नमाज के बाद (दोपहर 1:30 बजे) कॉलेज में सीरियल ब्लास्ट होंगे। धमकी का मेल मिलने के बाद जेके अस्पताल की दोनों बिल्डिंगों में अफरा-तफरी का माहौल है। स्टाफ को बाहर कर सर्चिंग की जा रही है।
बता दें कि इससे पहले पीपुल्स यूनिवर्सिटी सहित नापतौल कार्यालय और एम्स अस्पताल को भी बम से उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है। सभी मामलों में पुलिस जांच कर रही है, हालांकि मेल करने वालों को अब तक नहीं तलाशा जा सका है।

