कोण्डागांव, 19 मार्च (आरएनएस)। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने गुरुवार को माकड़ी विकासखण्ड अंतर्गत स्वास्थ्य केन्द्रों और आंगनबाड़ी केन्द्र और विद्यालयों का गहन निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं महिलाओं तथा बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने अपने निरीक्षण के क्रम में उप स्वास्थ्य केन्द्र अमरावती और बेड़ागांव में स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बेड़ागांव में एचआरपी महिलाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की और सतत निगरानी के निर्देश दिए और नवनिर्मित अतिरिक्त कक्ष भवन के समुचित उपयोग सुनिश्चित करने हेतु स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया। साथ ही अमरावती में स्वास्थ्य केन्द्र हेतु नये भवन निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने ग्राम बीजापुर में आयुष हेल्थ वेलनेस सेंटर का निरीक्षण कर औषधालय में उपलब्ध आवश्यक दवाईयों एवं अन्य व्यवस्थाओं को देखा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर में हर्बल गार्डन विकसित करने हेतु निर्देशित किया। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केन्द्र का भी निरीक्षण किया और बच्चों के पोषण स्तर एवं अन्य गतिविधियों से अवगत हुए। साथ ही भवन के आवश्यक मरम्मत कार्य हेतु विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम अजय उरांव, तहसीलदार अंकुर रात्रे सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
०

