रायपुर,19 मार्च (आरएनएस)। तिल्दा नेवरा थाना पुलिस ने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2 किलो 267 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.13 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक ओवरब्रिज के नीचे गांजा छिपाकर ग्राहक की तलाश कर रहा है और फरार होने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रज्वल किसन हुके (22) निवासी फुलफेल आनंद नगर, जिला वर्धा (महाराष्ट्र) बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक सफेद झोले में रखा गांजा बरामद हुआ। आरोपी ने गांजे को सिलाई कर पेट पर बांधकर कपड़ों के अंदर छिपा रखा था, ताकि किसी को शक न हो।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना तिल्दा नेवरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है।
00

