धमतरी, 20 मार्च (आरएनएस)। मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही धमतरी पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। अर्जुनी थाना क्षेत्र के नवागांव में गांजा बेचते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से गांजा, मोबाइल और मोटरसाइकिल सहित कुल 82 हजार 680 रुपये कीमती सामग्री जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, अर्जुनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नवागांव स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन के पीछे दो युवक अवैध रूप से गांजा बेच रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, दोनों आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन सतर्क पुलिस ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 518 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 5 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और बिक्री से प्राप्त नगदी भी जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 82 हजार 680 रुपये बताई गई है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सोनराज साहू (20 वर्ष) और रविकुमार चंद्राचल (29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अर्जुनी थाना क्षेत्र के ही निवासी हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी इस तरह की गतिविधियां नजर आएं तो तत्काल सूचना दें, ताकि समाज को नशे के जाल से मुक्त किया जा सके।
0

