जितेंद्र कुमार सिंह
अंबिकापुर/उदयपुर, 22 मार्च (आरएनएस)। सरगुजा वन मंडल के उदयपुर वन परिक्षेत्र में विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सरगुजा वन मंडलाधिकारी अभिषेक जोगावत के निर्देश पर उपवनमंडलाधिकारी विजेंद्र सिंह ठाकुर तथा वन परिक्षेत्राधिकारी फैकू चौबे के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को पर्यावरण संरक्षण और वनों के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। वन परिक्षेत्राधिकारी फैकू चौबे ने कहा कि आज के समय में ऑक्सीजन की कमी और बढ़ते प्रदूषण के कारण पूरा विश्व चिंतित है। ऐसे में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाना और जंगलों को सुरक्षित रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में शहरों में जहां स्थिति भयावह रही, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में जंगलों के कारण लोगों को स्वच्छ वातावरण और पर्याप्त ऑक्सीजन मिलती रही। उन्होंने कहा कि जंगल, पेड़-पौधे और पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। यदि जंगल सुरक्षित रहेंगे तो हमारा जीवन भी सुरक्षित रहेगा।
इस अवसर पर वन विभाग द्वारा महुआ सीजन में बेहतर गुणवत्ता के महुआ संग्रहण के लिए कई ग्रामीण समितियों को ग्रीन नेट भी वितरित किए गए। इनमें गुमगा, डोंडागांव, घाटबर्रा, बसनेर, चकरी, कूदरबहार, पंगोटी, केदमा, मतरिंगा, सायर और रामनगर समितियां शामिल हैं।
कार्यक्रम में भाजपा युवा महिला मोर्चा अध्यक्ष कल्पना भारद्वाज, सरपंच प्रदीप सिंह, परिक्षेत्र सहायक विनोद सिंह, अशोक प्रताप सिंह, रामबिलास सिंह, श्याम बिहारी सोनी, गिरीश बहादुर सिंह, शशिकांत सिंह सहित वन प्रबंधन समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
000

