रामानुजगंज, 22 मार्च (आरएनएस)। रामानुजगंज जिला में अवैध ऑटो परिवहन के खिलाफ यातायात महासंघ ने सख्त रुख अपना लिया है। यातायात महासंघ द्वारा इस मुद्दे को लेकर लगातार प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
महासंघ के जिला अध्यक्ष रमाकांत गुप्ता ने बताया कि जिले में बड़ी संख्या में अवैध ऑटो संचालित हो रहे हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। विशेष रूप से बसों के आगे-पीछे ऑटो खड़े रहने या चलने के कारण बस संचालन में काफी दिक्कतें आ रही हैं। इससे न केवल बस चालकों को परेशानी होती है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है।
रमाकांत गुप्ता के अनुसार, इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जा चुका है। हर बार आश्वासन तो मिलता है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं दिख रही है। उन्होंने कहा कि अवैध ऑटो परिवहन पर नियंत्रण नहीं होने से वैध रूप से संचालित बस सेवाओं पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है, जिससे परिवहन व्यवस्था असंतुलित हो रही है।
महासंघ का कहना है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो संगठन आंदोलन की राह अपनाने को मजबूर होगा। इसके लिए रणनीति तैयार की जा रही है और आवश्यक हुआ तो व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा।
यातायात महासंघ ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध ऑटो संचालन पर तत्काल रोक लगाई जाए और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जिले में सुचारु और सुरक्षित यातायात व्यवस्था कायम हो सके। आंदोलन को लेकर रणनीति बनाने के लिए बैठक आयोजित की गई जिसमें यातायात महासंघ के सचिन सत्यानंद पांडे, कोषाध्यक्ष बिहारी लाल गुप्ता, सदस्य विष्णु देव सिंह,सनोज दास सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
0

