रांची 20 मार्च (आरएनएस)। पवित्र माह रमज़ान के आखिरी शुक्रवार अलविदा जुमा के मौके पर राजधानी रांची सहित आसपास के इलाकों में नमाज़ पूरे अकीदत और श्रद्धा के साथ अदा की गई। शहर की प्रमुख मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ देखने को मिली और लोगों ने अल्लाह की बारगाह में सिर झुकाकर इबादत की। दोपहर तक मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों का जमावड़ा लगा रहा। नमाज़ के बाद लोगों ने देश-दुनिया में अमन-चैन, भाईचारे और तरक्की के लिए दुआ मांगी। साथ ही समाज में एकता और सद्भाव बनाए रखने का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर इमामों ने अपने खुत्बे (तकऱीर) में रमज़ान के महत्व, सब्र, इंसानियत और जरूरतमंदों की मदद करने की सीख दी। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और समाज में शांति कायम रखने की अपील की।
नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर अलविदा जुमा की मुबारकबाद दी। वहीं, आने वाली ईद-उल-फितर को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है और लोग खरीदारी में जुट गए हैं।इधर, नमाज़ को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि नमाज़ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। कुल मिलाकर रांची में अलविदा जुमा की नमाज़ शांति, भाईचारे और धार्मिक आस्था के माहौल में संपन्न हुई।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

