कोरबा 09 जुलाई (आरएनएस)। जिला अंतर्गत नदी-नाले उफान पर होने के कारण हादसों का दौर जारी है। पिछले 48 घंटों के भीतर पानी के तेज बहाव में बहने की यह दूसरी बड़ी घटना सामने आई है। मामला कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम डिंडोलभाठा का है, जहां नाले के तेज बहाव में बहने से एक 52 वर्षीय ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बुधवार सुबह नाले से शव को बरामद कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, डिंडोलभाठा निवासी बंधु लोहार (उम्र 52 वर्ष) सोमवार सुबह करीब 10 बजे गांव के पास स्थित नाले में मछली पकडऩे के लिए निकले थे। जब वे सोमवार देर रात तक अपने घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद भी जब उनका कहीं पता नहीं चला, तब परिजनों ने मंगलवार सुबह कटघोरा थाने पहुंचकर मामले की लिखित सूचना दी।
सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नाला पूरी तरह उफान पर था और पानी का बहाव बेहद तेज था, जिससे स्थानीय स्तर पर खोजबीन करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एसडीआरएफ (राज्य आपदा मोचन बल) की टीम को मौके पर बुलाया गया।
एसडीआरएफ की टीम ने मंगलवार को दिन भर नाले में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। चूंकि यह नाला आगे जाकर अहिरन नदी में मिलता है, इसलिए नदी और नाले दोनों का जलस्तर बढ़े होने के कारण रेस्क्यू प्रभावित हुआ। मंगलवार शाम को अंधेरा होने और बहाव अत्यधिक तेज होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा था। ?बुधवार सुबह होते ही एसडीआरएफ और कटघोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत और खोजबीन के बाद आखिरकार टीम ने बंधु लोहार के शव को नाले से ढूंढ निकाला और उसे बाहर बरामद किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की मर्ग कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश की वजह से नदी, नाले और रपटे जलमग्न हैं। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे उफान पर चल रहे नदी-नालों के पास जाने, मछली पकडऩे न जाएं।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

