० बस्तर कमिश्नर ने मसोरा में ‘हेलमेट बैंकÓ का किया निरीक्षण
कोंडागांव, 20 मार्च (आरएनएस)। बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह ने शुक्रवार को कोंडागांव विकासखंड के ग्राम मसोरा में संचालित ‘हेलमेट बैंकÓ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में यह एक सराहनीय पहल बताते हुए अन्य स्थानों में भी हेलमेट बैंक का विस्तार करने के निर्देश दिए।
09 ग्राम पंचायतों में संचालित हो रहा हेलमेट बैंक
इस अभियान के अंतर्गत जिन व्यक्तियों के पास हेलमेट नहीं होता, वे यहाँ से स्वैच्छिक रूप से 10 रूपये प्रतिदिन के हिसाब से हेलमेट लेकर यात्रा कर सकते हैं और उपयोग के बाद उसे पुन: पंचायत में जमा कर देते हैं, जिससे अन्य लोग भी इसका लाभ उठा सकें। यह पहल ग्रामीणों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा हेलमेट के उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। जिले में मसोरा के अलावा ग्राम बनियागांव, मर्दापाल, मांझी आठगांव, लंजोड़ा, अनंतपुर, मस्सूकोकड़ा, माकड़ी और बड़े राजपुर में हेलमेट बैंक की शुरुआत की गई है। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम अजय उरांव, तहसीलदार मनोज रावटे, जनपद पंचायत सीईओ उत्तम महोबिया, गांव की सरपंच सुकली बाई मरकाम सहित उपसरपंच एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
०

