बस्तर 21 मार्च 2026(आरएनएस) कांकेर शहर की सड़कों पर एक शख्स स्कूटी को चलते-फिरते ‘शराब की दुकान’ बना चुका था। कॉलोनियों में घूम-घूमकर अवैध शराब बेचने का यह खेल लंबे समय से चल रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्क निगरानी ने आखिरकार इस धंधे पर ब्रेक लगा दिया। घेराबंदी कर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया गया और मौके से शराब, नगदी व वाहन जब्त कर लिया गया।
जिला उत्तर बस्तर कांकेर में पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “उजियारा अभियान” के तहत सिटी कोतवाली पुलिस लगातार निगरानी और सघन जांच में जुटी हुई है। इसी अभियान के दौरान 19 मार्च 2026 को पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि अन्नापूर्णापारा गंगानगर मुक्तिधाम के पास एक व्यक्ति नीले रंग की एक्टिवा से अवैध शराब की सप्लाई कर रहा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रतिक दादासाहेब बंसोड़े के नेतृत्व में टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। पुलिस ने संदिग्ध को रोककर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम राजकुमार रवानी, उम्र 50 वर्ष, निवासी अन्नापूर्णापारा कांकेर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 16 पौवा देशी शेरा और प्लेन शराब, कुल 2.880 लीटर बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 1400 रुपये आंकी गई। साथ ही शराब बिक्री से प्राप्त 160 रुपये नकद और एक्टिवा वाहन क्रमांक CG 19 BL 6528 भी जब्त किया गया।
जांच में स्पष्ट हुआ कि आरोपी बिना किसी वैधानिक अनुमति के शराब का परिवहन और बिक्री कर रहा था। इसके बाद उसके खिलाफ थाना सिटी कोतवाली कांकेर में आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(ख) के तहत अपराध दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस टीम की तत्परता और सटीक सूचना का अहम योगदान रहा, जिसने एक छोटे दिखने वाले लेकिन संगठित अवैध धंधे का खुलासा कर दिया। पुलिस का कहना है कि शहर में इस तरह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

