जशपुर 21 मार्च (आरएनएस)ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतबा क्षेत्र में कार से 60 किलो गौवंश मांस के साथ एक आरोपी को धर दबोचा है। यह कार्रवाई न केवल पुलिस की सतर्कता को दर्शाती है, बल्कि अवैध तस्करी के खिलाफ सख्त रुख का भी संकेत देती है।
मामला 20 मार्च 2026 की रात करीब 9:10 बजे का है, जब चौकी कोतबा पुलिस मुख्य मार्ग पर नियमित वाहन चेकिंग में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना ने पुलिस को अलर्ट कर दिया। सूचना थी कि उड़ीसा के बनडेगा गांव से एक व्यक्ति अल्टो कार में भारी मात्रा में गौवंश मांस लेकर कोतबा होते हुए रायगढ़ जिले के लैलूंगा की ओर जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए मेन रोड पर नाकेबंदी कर दी। कुछ ही देर में संदिग्ध अल्टो कार दिखाई दी, जिसे घेराबंदी कर रोक लिया गया। तलाशी के दौरान कार से 1-1 किलो के पैकेट में रखा कुल 60 किलो संदिग्ध मांस बरामद हुआ। पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान जीसान हुसैन (24 वर्ष), निवासी ग्राम बनडेगा, थाना तलसरा, जिला सुंदरगढ़ (उड़ीसा) के रूप में बताई।
पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में लेकर मांस को जब्त किया और पशु चिकित्सक से परीक्षण कराया। जांच में मांस के गौवंश का होने की पुष्टि होने पर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने और आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त अल्टो कार (OR-14-G-3271) को भी जब्त कर लिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बृजेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम की सतर्कता और तत्परता निर्णायक रही। टीम के अन्य सदस्यों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे यह कार्रवाई सफल हो सकी।

