कांकेर 21 मार्च (आरएनएस) भरोसे और मजबूरी का फायदा उठाकर लाखों की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को आखिरकार अंतागढ़ पुलिस ने धर दबोचा। ट्रक किराए पर लेने के बहाने एक आदिवासी युवक को झांसे में लेकर वाहन हड़पने वाला आरोपी लंबे समय से फरार था, जिसे पुलिस ने महाराष्ट्र के चंद्रपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
मामला एक गरीब गोंड आदिवासी युवक चरण कुमार से जुड़ा है, जिसने अपनी मेहनत की कमाई से वर्ष 2024 में एक ट्रक फाइनेंस पर खरीदा था, ताकि परिवार का भरण-पोषण कर सके। आर्थिक तंगी से जूझ रहे इस युवक की मुलाकात अंतागढ़ बस स्टैंड पर आरोपी साबिर अली से हुई। आरोपी ने खुद को बड़ा परिवहन कारोबारी बताते हुए ट्रक को छह महीने के लिए किराए पर लेने का प्रस्ताव दिया और हर महीने मोटी रकम देने का झांसा दिया।
आरोपी की बातों में आकर पीड़ित ने 27 जनवरी 2025 को नोटरी के सामने अनुबंध कर ट्रक उसे सौंप दिया। लेकिन इसके बाद आरोपी ने न तो किराया दिया और न ही तय समय पर ट्रक लौटाया। उल्टा जब पीड़ित ने वाहन वापस मांगा तो उसे धमकियां दी गईं। लगातार ठगी और दबाव से परेशान होकर युवक ने अंततः 3 फरवरी 2026 को थाना अंतागढ़ में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी जांच और लगातार प्रयासों के बाद फरार आरोपी साबिर अली का लोकेशन महाराष्ट्र के चंद्रपुर में मिला। पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया और पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ महाराष्ट्र में भी इसी तरह का एक और मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

