हरिद्वार,21 मार्च (आरएनएस)। ज्वालापुर स्थित ईदगाह में ईद-उल-फितर पर लोगों ने नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन और तरक्की की दुआ मांगी। इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। शनिवार को ईद को लेकर मुस्लिम समाज में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह ही लोग नए कपड़े पहनकर ईदगाह की ओर रवाना होने लगे थे। ईदगाह में सुबह करीब दस बजे मौलाना ने नमाज अदा कराई। भेल जामा मस्जिद, जामा मस्जिद कटहरा बाजार, मंडी की मस्जिद और ज्वालापुर मेन रोड स्थित मदरसे में भी नमाज अदा की गई। मौलानाओं ने खुतबा बयान करते हुए लोगों से आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ रहने की अपील की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर सेवइयां खाईं और त्योहार की खुशियां साझा कीं। सभी ईदगाहों पर पुलिस और पीएसी तैनात रही। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जिलेभर में ईद की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से हुई और ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई।पथरी क्षेत्र में हर्षोल्लास से मनाई गई ईदपथरी। पथरी क्षेत्र के दर्जनों गांवों में शनिवार को ईद का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ईद की नमाज अदा करने के लिए ईदगाह में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। धनपुरा, पदार्था, नसीरपुर कला, कस्समपुर, बुढाहेड़ी, इब्राहिमपुर और इक्कड़ कला समेत कई गांवों में सुबह आठ से 10 बजे के बीच नमाज अदा की गई। धनपुरा के पेश इमाम हाफिज कारी दशरत रजा ने नमाज अदा कराई। सभी जगह पुलिस की ओर से कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए। एसओ मनोज नौटियाल ने बताया कि क्षेत्र में ईद की नमाज सकुशल हुई।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

