हल्द्वानी,21 मार्च (आरएनएस)। उत्तराखंड के वन और वन्यजीवों की सुरक्षा अब और अधिक पुख्ता होने जा रही है। लंबे समय से स्टाफ की कमी से जूझ रहे वन विभाग को 18 नए प्रशिक्षित रेंजर मिल गए हैं। ये सभी अधिकारी एक अप्रैल से विभिन्न वन प्रभागों में कार्यभार संभाल लेंगे। इनमें 18 में से 10 महिला रेंजर हैं। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक नवनियुक्त रेंजर महाराष्ट्र की प्रतिष्ठित चंद्रपुर वन अकादमी से प्रशिक्षण पूरा कर लौटे हैं। उन्होंने 12 सितंबर 2025 से 17 मार्च 2026 तक छह माह का कड़ा प्रशिक्षण प्राप्त किया है। इनकी तैनाती के संबंध में प्रमुख वन संरक्षक (पीसीसीएफ) रंजन कुमार मिश्र ने 18 मार्च को आदेश जारी कर दिए हैं। गौरतलब है कि वर्तमान में विभाग में रेंजरों की भारी कमी है। कई अधिकारी एक से अधिक रेंजों का प्रभार संभाल रहे हैं। इससे फील्ड मॉनीटरिंग प्रभावित हो रही थी। अब युवा और प्रशिक्षित रेंजरों के आने से न केवल प्रशासनिक बोझ कम होगा, बल्कि वनाग्नि नियंत्रण और शिकार जैसी गतिविधियों पर लगाम लगाने में भी मदद मिलेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

