काशीपुर,21 मार्च (आरएनएस)। पैगा पुलिस ने धीमरखेड़ा क्षेत्र में अवैध रूप से पशु कटान के मामले में तीन सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब दो कुंतल मांस, तीन खालें और कटान में इस्तेमाल होने वाले धारदार उपकरण बरामद किए हैं। शुक्रवार को पैगा चौकी प्रभारी जसविंदर सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि धीमरखेड़ा स्थित नए इंटर कॉलेज के पीछे नहर किनारे एक दुकान में अवैध रूप से पशु काटकर मांस बेचा जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने दुकान में छापा मारा तो अंदर का दृश्य चौंकाने वाला था। वहां भारी मात्रा में कटा हुआ मांस, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, दो कुल्हाडिय़ां और चार छुरियां मिलीं। साथ ही फर्श पर पशुओं के खुर और खून से सनी खालें भी बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से तीन युवकों नदीम, अजीम और शाने अली, निवासी चक लाहौरा (मुरादाबाद) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनके पास कोई लाइसेंस नहीं है और ईद के चलते उन्होंने तीन भैंसों का कटान किया था। मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक डॉ. प्रकाश वैष्णव ने प्राथमिक जांच में मांस को भैंस का बताया। पुलिस ने सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 325 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

