महासमुंद, 23 मार्च (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले स्थित खल्लारी माता मंदिर में हुए रोप-वे हादसे को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गंभीर रुख अपनाया है। हादसे की जांच के लिए छह सदस्यीय समिति का गठन किया गया है, जो पूरे मामले की पड़ताल करेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर बनाई गई इस समिति का नेतृत्व क्षेत्रीय विधायक और जिला अध्यक्ष धनेश्वर यादव को सौंपा गया है। समिति में चातुरी नंद, अमरजीत चावला, विनोद चंद्राकर, रश्मि चंद्राकर और केशव चंद्राकर को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। जारी आदेश के अनुसार, समिति के सदस्य प्रभावित क्षेत्र का दौरा करेंगे और पीडि़तों, स्थानीय ग्रामीणों तथा मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों से चर्चा कर घटना की वास्तविक स्थिति की जानकारी जुटाएंगे। इसके बाद विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपी जाएगी। गौरतलब है कि इस हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे। घटना को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है।
कांग्रेस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई है।
0

