रायपुर, 23 मार्च (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन निवेश के झांसे में एक दंत चिकित्सक से बड़ी रकम ठगने का मामला सामने आया है। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के जैन कॉलोनी निवासी पीडि़त को व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए शेयर मार्केट में निवेश का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी की गई।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 2 फरवरी 2026 को उन्हें “VIP23 Stock Market Strategy Exchange Group” नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप के एडमिन ने खुद को शेयर मार्केट विशेषज्ञ बताते हुए निवेश पर भारी मुनाफे का भरोसा दिलाया। इसके लिए उन्हें एक ऐप और प्लेटफॉर्म के जरिए निवेश करने को कहा गया, जिसे सेबी से रजिस्टर्ड बताया गया। ग्रुप के निर्देशों का पालन करते हुए पीडि़त ने अलग-अलग तारीखों में अपने बैंक खातों से कई किश्तों में रकम ट्रांसफर की। कुल मिलाकर उन्होंने करीब 20 लाख रुपये निवेश किए। शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए आरोपियों ने उन्हें एक लाख रुपये वापस भी किए। लेकिन बाद में जब पीडि़त ने अपनी बाकी रकम निकालने की कोशिश की, तो न तो पैसा मिला और न ही किसी तरह का जवाब। इस तरह उन्हें लगभग 37.5 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ।
पीडि़त का आरोप है कि यह पूरा नेटवर्क सुनियोजित तरीके से लोगों को फंसाकर ठगी करने के लिए बनाया गया था। पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकडऩे की कोशिश की जा रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के व्हाट्सएप ग्रुप या अनजान प्लेटफॉर्म के जरिए निवेश करना बेहद जोखिम भरा हो सकता है। लोगों को ऐसे मामलों में सतर्क रहने और बिना जांच-पड़ताल के पैसा निवेश न करने की सलाह दी गई है।
0

