कोरबा, 23 मार्च (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के पुराने बस स्टैंड स्थित आनंद इमेजर सोसाइटी परिसर की है, जहां देर रात एक युवक ने गार्ड पर हमला कर दिया।
पीडि़त की पहचान जांजगीर-चांपा निवासी राम नारायण के रूप में हुई है, जो बजरंग सिक्योरिटी कंपनी में कार्यरत हैं। जानकारी के अनुसार, रात करीब 2 बजे एक नशे में धुत युवक ने अचानक गार्ड से विवाद शुरू कर दिया और देखते ही देखते उस पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान युवक ने शराब भी डालते हुए गार्ड के साथ दुव्र्यवहार किया। घटना के समय आरोपी के कुछ साथी भी मौजूद थे, लेकिन जैसे ही विवाद बढ़ा, वे मौके से फरार हो गए। पूरी घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें युवक गार्ड के साथ मारपीट करता नजर आ रहा है। घटना के बाद भयभीत गार्ड अपने गृह जिले जांजगीर-चांपा लौट गया है। फिलहाल उसने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन सुरक्षा कंपनी के सुपरवाइजर ने बताया कि गार्ड के वापस आने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर चिंता जताते हुए रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने सुरक्षा कर्मियों की सुरक्षा और सोसाइटी परिसरों में व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
0

