रायगढ़, 23 मार्च (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध अफीम खेती के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम आमाघाट में चल रहे इस अवैध कारोबार के मामले में फरार आरोपी एमानुएल भेंगरा को झारखंड से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि उसका एक अन्य साथी अब भी फरार है।
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ था, जब पुलिस ने आमाघाट क्षेत्र में खर्राघाट भैर नाला के पास स्थित जमीन पर छापा मारकर भारी मात्रा में अफीम के पौधे बरामद किए थे। कार्रवाई के दौरान 60 हजार से अधिक अफीम पौधे, जिनका कुल वजन करीब 2,877 किलोग्राम था, जब्त किए गए। इसके अलावा मौके से करीब 3 किलो तैयार अफीम भी बरामद हुई, जिसकी कीमत लाखों में आंकी गई है। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मार्शल संगा अपने साथियों एमानुएल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के साथ मिलकर इस अवैध खेती को अंजाम दे रहा था। मार्शल संगा को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर अभियान चलाते हुए झारखंड और ओडिशा में दबिश दी। इसी दौरान सघन सर्च ऑपरेशन में एमानुएल भेंगरा को जंगल क्षेत्र से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब्त की गई अफीम और अन्य सामग्री की कुल कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन आघात के तहत मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लगातार इस तरह के संगठित नेटवर्क के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है।
इस कार्रवाई से साफ है कि रायगढ़ पुलिस अंतरराज्यीय अपराध और नशे के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के लिए पूरी तरह सक्रिय है।
0

