रायगढ़, 23 मार्च (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध पोस्ता (अफीम) की खेती के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम नवीन घाटगांव में अवैध रूप से की जा रही पोस्ता की खेती को संयुक्त टीम ने नष्ट कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस, एसडीएम, तहसीलदार और कृषि विभाग के अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान करीब 2 डिसमिल जमीन पर पोस्ता के पौधे पाए गए, जिन्हें विधिवत कार्रवाई करते हुए उखाड़कर जब्त कर नष्ट कर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें साधराम नागवंशी (60 वर्ष) और अभिमन्यु नागवंशी (20 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम नवीन घाटगांव शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध खेती के पीछे और कौन लोग शामिल हैं तथा इसका स्रोत और उद्देश्य क्या था।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
0

