New Delhi 25 March, /- वैश्विक तेल बाजार में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच अमेरिकी निवेश बैंक गोल्डमैन सैक्स ने 2026 के लिए कच्चे तेल की कीमतों का अनुमान काफी बढ़ा दिया है। बैंक ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से आपूर्ति में भारी बाधा वैश्विक क्रूड बाजार के इतिहास का सबसे बड़ा सप्लाई शॉक बन सकती है।
गोल्डमैन सैक्स के मुताबिक, 2026 में ब्रेंट क्रूड की औसत कीमत अब 85 डॉलर प्रति बैरल रहने का अनुमान है, जो पहले के 77 डॉलर के अनुमान से 10.38% ज्यादा है। वहीं, अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) का अनुमान भी बढ़ाकर 79 डॉलर प्रति बैरल कर दिया गया है, जो पहले 72 डॉलर था। यह जानकारी बैंक के विश्लेषक डान स्ट्रुवेन ने अपनी रिपोर्ट में दी।
रिपोर्ट के अनुसार, यह संशोधित अनुमान इस आधार पर लगाया गया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल आपूर्ति छह हफ्तों तक सामान्य क्षमता के केवल 5% पर रह सकती है। इसके बाद अगले एक महीने में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद है।
तेल बाजार इस समय अमेरिका, इस्राइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष से प्रभावित है, जो अब चौथे सप्ताह में पहुंच चुका है और इसके खत्म होने के संकेत नहीं हैं। इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को दो दिन का अल्टीमेटम दिया है कि वह इस अहम समुद्री मार्ग को फिर से खोले, नहीं तो उसके ऊर्जा ढांचे पर हमले हो सकते हैं। इसके जवाब में ईरान ने भी कड़ी प्रतिक्रिया की चेतावनी दी है

