लखनऊ, 23 मार्च (आरएनएस )। आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश की छात्र इकाई द्वारा शहादत दिवस के अवसर पर प्रदेश के युवाओं को संगठित करने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को मजबूत करने तथा शहीद-ए-आजम भगत सिंह और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा युवाओं को दिए गए संदेश और उनके विचारों को विश्वविद्यालयों में छात्रों और युवाओं के बीच पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को प्रदेशव्यापी अभियान की शुरुआत की गई।पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर ललितपुर, गाजियाबाद, बहराइच, बागपत, जालौन, मुजफ्फरनगर, चंदौली, वाराणसी, आगरा, बदायूं, मैनपुरी, मेरठ, कानपुर, मुरादाबाद और सहारनपुर सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में छात्र-युवा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम आयोजित किए। इसी क्रम में राजधानी लखनऊ में इस अभियान की शुरुआत आम आदमी पार्टी की छात्र इकाई के प्रदेश महासचिव अनित रावत द्वारा लखनऊ विश्वविद्यालय के पुराने परिसर से की गई।इस अवसर पर अनित रावत ने कहा कि अभियान के तहत संगठन के कार्यकर्ता प्रदेश के विभिन्न जिलों में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम, संवाद और जनसंपर्क अभियान चलाएंगे, ताकि शिक्षा को लेकर समाज में नई चेतना और जागरूकता पैदा की जा सके। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान छात्रों और युवाओं ने शहीद भगत सिंह और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों पर गंभीर चर्चा की और संकल्प लिया कि इन विचारों को गांव-गांव और गली-गली तक पहुंचाया जाएगा, जिससे एक जागरूक, शिक्षित और समानता आधारित समाज का निर्माण संभव हो सके।
अनित रावत ने प्रदेश के युवाओं और छात्रों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह ने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर युवाओं को अन्याय के खिलाफ लडऩे की प्रेरणा दी, वहीं बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान के माध्यम से सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों की मजबूत नींव रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार इन विचारों को मजबूत करने के बजाय उन्हें कमजोर करने का प्रयास कर रही है।उन्होंने कहा कि सरकार सुनियोजित तरीके से युवाओं को शिक्षा, रोजगार और समान अवसर जैसे असली मुद्दों से भटका रही है। विश्वविद्यालयों के लोकतांत्रिक माहौल को समाप्त करने और छात्रों की आवाज दबाने की लगातार कोशिश हो रही है, जो देश के भविष्य के लिए चिंताजनक संकेत है।अनित रावत ने कहा कि आज देश का युवा बेरोजगारी, महंगी शिक्षा और अवसरों की कमी से जूझ रहा है। ऐसे समय में भगत सिंह के संघर्ष और बाबा साहब के सामाजिक न्याय के सिद्धांत ही युवाओं को सही दिशा दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थानों में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचलने की हर कोशिश का डटकर विरोध किया जाएगा।आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र और प्रदेश सरकार ने युवाओं के मुद्दों, शिक्षा व्यवस्था और रोजगार के संकट पर तत्काल ठोस कदम नहीं उठाए, तो पार्टी पूरे प्रदेश में छात्र-युवा आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगी।इस अवसर पर अंशुल यादव प्रदेश उपाध्यक्ष, पवन कुमार वर्मा लखनऊ मंडल अध्यक्ष, नीरज गुप्ता, आशीष मौर्य, हर्षित, मोहित सिंह, विकास यादव, रक्षित तिवारी, मनीष यादव, आसिफ खान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

