लखनऊ 23 मार्च (आरएनएस )। थाना आशियाना क्षेत्र में महिला से मोबाइल लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस के अनुसार 21 मार्च 2026 को समय 17:44 बजे वादिनी प्रीति सिंह पत्नी देशराज सिंह निवासी भदुरुक, थाना आशियाना, लखनऊ द्वारा लिखित तहरीर दी गई। तहरीर में बताया गया कि 20 मार्च 2026 को शाम लगभग 7 से 8 बजे के बीच वह बंगला बाजार क्षेत्र स्थित एक कार शोरूम के सामने पैदल जा रही थीं और मोबाइल फोन पर बातचीत कर रही थीं। उसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल सवार एक अज्ञात व्यक्ति आया और उनका मोबाइल फोन छीनकर तेलीबाग चौराहे की ओर फरार हो गया।घटना के अनावरण के लिए पुलिस की दो टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने आसपास के लगभग 40 से 50 सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसके आधार पर अभियुक्त अर्जुन रावत उर्फ गंगाधर पुत्र मुन्नालाल रावत निवासी किला मोहम्मदीनगर, थाना आशियाना, लखनऊ उम्र करीब 25 वर्ष की पहचान हुई। अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना को अंजाम देने वाला अभियुक्त सवई की ओर से कालिन्दी की तरफ जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने सेक्टर-15 नहर रोड के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर अभियुक्त भागने लगा और उसने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया। आत्मरक्षार्थ पुलिस टीम द्वारा भी जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल अभियुक्त को हिरासत में लेकर उपचार हेतु तत्काल पीजीआई स्थित ट्रामा सेंटर भेजा, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से घटना में लूटा गया एक अदद मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल पल्सर 125 सीसी बिना नंबर प्लेट, एक अवैध देशी तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस 315 बोर, दो खोखा कारतूस 9 एमएम तथा तलाशी के दौरान 1200 रुपये नकद बरामद किए हैं।गिरफ्तार अभियुक्त अर्जुन रावत उर्फ गंगाधर का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध थाना आशियाना और आलमबाग में चोरी, लूट, अपहरण, दुष्कर्म तथा गैंगस्टर सहित कई गंभीर धाराओं में कुल छह मुकदमे पूर्व से दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त मुठभेड़ की घटना के संबंध में भी अलग से मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य संभावित आपराधिक घटनाओं में उसकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

