लखनऊ 23 मार्च (आरएनएस )। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर सोमवार को लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने चौक क्षेत्र स्थित प्राचीन बड़ी कालीजी मंदिर, छोटी कालीजी मंदिर एवं द्वारकाधीश मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। नवरात्रि के पांचवें दिन उन्होंने मां भगवती के श्रीचरणों में श्रद्धा अर्पित करते हुए समस्त नगरवासियों के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और कल्याण की कामना की।महापौर ने बड़ी कालीजी मंदिर में दर्शन-पूजन के उपरांत द्वारकाधीश मंदिर में भी पहुंचकर भगवान के श्रीचरणों में नमन किया और भगवान शिव की आराधना करते हुए शहरवासियों के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। इस दौरान स्थानीय पार्षद अनुराग मिश्रा ‘अन्नूÓ, व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष उत्तम कपूर, क्षेत्र संख्या-6 के क्षेत्रीय अधिकारी अमरजीत यादव, अधिशासी अभियंता अशोक यादव और क्षेत्रीय स्वच्छता अधिकारी राजेश सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।दर्शन-पूजन के उपरांत महापौर ने बड़ी कालीजी मंदिर मार्ग और आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। महापौर ने क्षेत्रीय स्वच्छता अधिकारी को विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने के लिए कहा, ताकि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही उन्होंने मंदिर परिसर के पास स्थित सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण कर उसकी साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।इसके बाद महापौर ने क्षेत्रीय निरीक्षण के क्रम में चौक स्थित सिरकटा नाले का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नाले की नियमित और प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे और क्षेत्र में गंदगी अथवा जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि लखनऊ को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित शहर बनाना उनका संकल्प है और इसके लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के सभी क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखी जाए और कहीं भी लापरवाही न बरती जाए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

