धमतरी 24 मार्च 2026(आरएनएस) धमतरी में दहशत का पर्याय बन चुका आदतन बदमाश कृष्णा नायक उर्फ बिट्टू को आखिरकार जिले से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। लगातार आपराधिक गतिविधियों से परेशान पुलिस और प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए उसे एक साल के लिए धमतरी समेत छह जिलों की सीमाओं से निष्कासित कर दिया है।
धमतरी पुलिस की सख्ती अब साफ दिखने लगी है। पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने कृष्णा नायक उर्फ बिट्टू के खिलाफ जिला बदर का आदेश जारी किया है। इसके तहत आरोपी को धमतरी, रायपुर, बालोद, कांकेर, गरियाबंद, दुर्ग और कोंडागांव जिलों की सीमाओं से एक वर्ष तक बाहर रहने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय था और लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा। उसकी गतिविधियों से आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया था। इसी को देखते हुए छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 5 (क) (ख) के तहत यह कार्रवाई की गई है। आदेश का उल्लंघन करने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और बलपूर्वक निष्कासन की चेतावनी दी गई है।
27 वर्षीय कृष्णा नायक, हटकेशर वार्ड का निवासी है और थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में उसका दबदबा रहा है। वर्ष 2018 से अब तक उसके खिलाफ मारपीट, लूट, डकैती, अवैध कब्जा, धमकी, हथियार के बल पर भय पैदा करने और मोटर व्हीकल एक्ट उल्लंघन जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह युवाओं को नशे की ओर धकेलने के आरोपों में भी घिरा रहा है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में गुंडों और आदतन अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। वर्ष 2025 में 10 बदमाशों को जिला बदर किया जा चुका है और आगे भी ऐसे तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

