कबीरधाम 24 मार्च 2026(आरएनएस) कर्ज में डूबा एक युवक जब “शॉर्टकट” तलाशने निकला तो उसने यूट्यूब से ATM काटने की तकनीक सीख ली। लेकिन इससे पहले कि वह अपनी बड़ी साजिश को अंजाम दे पाता, कबीरधाम पुलिस की मुस्तैदी ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया और एक बड़ी वारदात होने से पहले ही नाकाम कर दी।
कबीरधाम जिले के लोहारा क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता ने एक बड़े ATM चोरी कांड को होने से पहले ही रोक दिया। लगातार रात्रि गश्त और हर घंटे ATM चेकिंग के निर्देशों के बीच 24 मार्च की रात पुलिस टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति ATM के पास नजर आया। घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया तो पूरा मामला खुलकर सामने आ गया।
पूछताछ में आरोपी नंदलाल साहू (30), निवासी छोटूपारा, ने बताया कि वह भारी कर्ज में डूबा था। जल्दी पैसे पाने के लालच में उसने यूट्यूब पर ATM मशीन काटने के वीडियो देखे और उसी तरीके से चोरी की योजना बना डाली। उसका मकसद एक ही वार में कर्ज खत्म करना था।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पहले भी सहसपुर लोहारा, बिडोरा चौक, शांतिनगर और छुईखदान क्षेत्र के ATM को गैस कटर से काटने की कोशिश कर चुका था, लेकिन हर बार असफल रहा। इस बार वह फिर से वारदात को अंजाम देने पहुंचा था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, गैस कटर, गैस सिलेंडर, ऑक्सीजन सिलेंडर, सब्बल, नकाब, रेनकोट और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। पुलिस ने आरोपी से घटनास्थलों पर सीन रीक्रिएट भी कराया, जिससे पूरी साजिश और तरीका साफ हुआ।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में चल रही सख्त निगरानी और गश्त ने इस सफलता में अहम भूमिका निभाई। थाना लोहारा की टीम ने समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी चोरी को टाल दिया।

